झाड़-फूंक के बहाने 1 माह का मासूम लेकर फरार हुई महिला, पुलिस ने किया सकुशल बरामद

जशपुर। जशपुर में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने सभी को हैरान कर दिया। इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे एक पहाड़ी कोरवा परिवार का महज 1 माह का मासूम बच्चा झाड़-फूंक के नाम पर एक महिला अपने साथ लेकर फरार हो गई। हालांकि सिटी कोतवाली पुलिस की तत्परता से बच्चे को सकुशल बरामद कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम मरंगीपाठ निवासी एक पहाड़ी कोरवा महिला अपने एक माह के बच्चे के इलाज के लिए जिला अस्पताल जशपुर आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक अज्ञात महिला से हुई। महिला ने बच्चे को झाड़-फूंक से ठीक करने का झांसा देकर परिवार का विश्वास जीत लिया और उन्हें जशपुर बस स्टैंड तक अपने साथ ले गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला ने पहले परिजनों को हड़िया पिलाई और बाद में एक होटल में भोजन कराया। इसी बीच मौका पाकर वह एक माह के मासूम को लेकर फरार हो गई। बच्चे के अचानक गायब होने से परिजनों के होश उड़ गए। काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो सिटी कोतवाली जशपुर में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। बस स्टैंड और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला की पहचान कर उसे बगीचा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मासूम बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

pradip
प्रदीप सिंग ठाकुर संपादक

About आशुतोष गुप्ता पत्थलगांव

Check Also

विशेष लेख : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026: स्वस्थ जीवन और विकसित भारत का आधार बनेगा योग

योग फॉर हेल्दी एजिंग: स्वस्थ और सक्रिय जीवन की दिशा में एक कदम  डॉ. दानेश्वरी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *