
पत्थलगांव। सरकारी योजनाओं का हाल जानना हो तो आंगनबाड़ी चले जाइए! केंद्र और राज्य सरकार के “सेवा संकल्प अभियान” (17 सितंबर से 17 अक्टूबर) के तहत वार्ड क्रमांक 05 कोसम्परा आंगनबाड़ी क्लस्टर में “आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम” का आयोजन हुआ। दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया वार्ड पार्षद मनीष अग्रवाल ने। महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देश पर यह कार्यक्रम 25 सितंबर से 6 अक्टूबर तक विभिन्न आंगनबाड़ियों में चलेगा।

एक छत के नीचे सारी योजनाएं
महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, गर्भवती महिलाओं को दलिया वितरण, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, बच्चों का पोषण आहार, हर जानकारी एक ही मंच पर। मकसद साफ: योजनाएं कागज पर नहीं, जरूरतमंद के द्वार तक पहुंचें।
पार्षद मनीष अग्रवाल ने बताया: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार और वार्ड की मजबूत कड़ी

मुख्य अतिथि मनीष अग्रवाल ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं नगर के वार्डों और सरकार के बीच मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने महिलाओं-बच्चों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की और कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं व मितानिनों से सेवा भाव से हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचने को कहा।
कार्यक्रम में सेक्टर सुपरवाइजर अंबिका कुशवाहा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनीता शर्मा, प्रतिमा मिंज, प्रतिमा टोप्पो, सहायिका राजकुमारी मिंज, प्रभा लकड़ा, मितानिन कांति बड़ा, समूह की महिलाएं, बड़ी संख्या में हितग्राही महिलाएं और छोटे बच्चे शामिल हुए। सभी ने नीतियों को घर-घर पहुंचाने का संकल्प लिया।
बच्चों के लिए तोहफों की बौछार

इस मौके पर वार्ड पार्षद ने बच्चों के लिए खेल-खिलौने, टॉफी और उपयोगी सामान क्लस्टर के तीनों आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यकर्ताओं को सौंपा। सुपरवाइजर अंबिका कुशवाहा ने पार्षद का आभार जताया।

publiccg Chhattisgarh NEWS