नारायणपुर। जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलिया में शराब के नशे में बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपने ही पिता की लकड़ी की फाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बंधु नाग (52) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और आरोपी पूना राम नाग (35) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब पीकर घर लौटने पर पिता ने उसे काम-धंधा नहीं करने को लेकर फटकार लगाई थी। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और गुस्से में उसने आंगन में पड़ी लकड़ी की फाड़ी से पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की फाड़ी जब्त कर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
publiccg Chhattisgarh NEWS