
जशपुर – लंबे समय से कोतबा क्षेत्र की जनता की स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार और सुधार की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। क्षेत्रीय जनता की अपेक्षाओं को गंभीरता से लेते हुए पत्थलगांव विधानसभा की लोकप्रिय विधायक श्रीमती गोमती साय की सतत् पहल और प्रयासों के फलस्वरूप शासन ने कोतबा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के उन्नयन के लिए 4 करोड़ 37 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस स्वीकृति के साथ ही कोतबा स्वास्थ्य केंद्र को अब 50 बेड क्षमता का उच्च स्तरीय केंद्र बनाया जाएगा।
जनता की आवाज बनी विधायक गोमती साय की प्राथमिकता
विधायक गोमती साय ने विधानसभा में इस मुद्दे को कई बार प्रमुखता से उठाया था। कोतबा क्षेत्र में सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं के कारण लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूरदराज के शहरों का रुख करना पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए विधायक साय ने लगातार स्वास्थ्य विभाग एवं शासन से कोतबा स्वास्थ्य केंद्र के विस्तार की मांग की। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और शासन ने उन्नयन की स्वीकृति दी।
क्या होंगे लाभ:
स्वास्थ्य केंद्र में अब विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति संभव होगी,आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की सुविधा मिलेगी,गंभीर मरीजों के लिए तत्काल इलाज की व्यवस्था सुदृढ़ होगी,आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी,स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती क्षमता बढ़ने से रेफर मामलों में कमी आएगी।
इस उपलब्धि पर विधायक गोमती साय ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि “कोतबा क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। हमारा प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ हो और जनता को उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।” उन्होंने क्षेत्रवासियों को इसके लिए बधाई देते हुए कहा कि वे आगे भी जनता की जरूरतों के लिए प्रतिबद्ध हैं।

publiccg Chhattisgarh NEWS