नाबालिग को शादी का झांसा देकर मुंबई ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

पत्थलगांव / जशपुर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र से शादी का झांसा देकर एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर मुंबई ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पत्थलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुंबई के नाला सोपारा से नाबालिग को सकुशल बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 17 सितंबर की रात की है। नाबालिग अपने परिजनों के साथ खाना खाने के बाद कमरे में पढ़ाई कर रही थी, लेकिन अगली सुबह वह घर से लापता मिली। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, किंतु कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पत्थलगांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और अजय पुरी (24 वर्ष) पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का संदेह जताया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर मुंबई रवाना की गई। मुखबिर की सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और परिजनों के सहयोग से पुलिस टीम ने मुंबई के नाला सोपारा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी के चंगुल से नाबालिग को सकुशल दस्तयाब किया और आरोपी अजय पुरी को हिरासत में ले लिया।

पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि पूछताछ और बयान के दौरान पीड़िता ने खुलासा किया कि आरोपी शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। इसके बाद वह काम दिलाने का बहाना बनाकर उसे अपने साथ मुंबई ले गया था। पीड़िता के बयान के आधार पर प्रकरण में दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की गैर-जमानती धाराएं जोड़ी गईं।

पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नाबालिग बालिका को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया है, वहीं आरोपी अजय पुरी को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल करा दिया गया है।

About आशुतोष गुप्ता पत्थलगांव

Check Also

सत्य साईं अस्पताल में सेवा दे रहीं छत्तीसगढ़ की बेटियों से मिले वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

बस्तर, कांकेर, कोंडागांव और पिथौरा से आई युवतियों की लगन और आत्मविश्वास की सराहना की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *