
कलेक्टर ने विद्युत दुर्घटना की जांच के लिए किया जांच दल गठित,
03 दिवस में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश
जशपुरनगर 01 अक्टूबर 2026/ कार्यपालन अभियंता संभाग, छ.ग. राज्य विद्युत वितरण कंपनी पत्थलगांव के पत्र क्रमांक 1751 दिनांक 29.09.2026 के माध्यम से अवगत कराया गया कि दिनांक 29.09.2026 को पत्थलगांव संभाग के वितरण केन्द्र लुड़ेग के अंतर्गत ग्राम पाकरगांव में विद्युत दुर्घटना हुई है।
उपरोक्त दुर्घटना के संबंध में कलेक्टर रोहित व्यास द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (रा.) पत्थलगांव की अध्यक्षता में जांच दल का गठन किया गया है। जांच दल में संभागीय अभियंता, छ.ग. राज्य विद्युत कंपनी कुनकुरी, कार्यपालन अभियंता, छ.ग. राज्य विद्युत वितरण कंपनी जशपुर एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग जशपुर को सदस्य बनाया गया है।
जांच दल द्वारा दुर्घटना के वास्तविक कारणों, 33/11 के.व्ही. विद्युत लाइन शिफ्टिंग कार्य हेतु जारी परमिट एवं संबंधित अभिलेखों, कार्यस्थल पर विद्युत सुरक्षा संबंधी निर्धारित प्रक्रिया एवं सावधानियों के पालन, संबंधित विभागीय अधिकारियों/कर्मचारियों तथा ठेकेदार की भूमिका एवं उत्तरदायित्व, लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में जिम्मेदारी निर्धारण, मृत एवं घायल श्रमिकों से संबंधित विवरण एवं उनके परिवारों को उपलब्ध सहायता,
मुआवजे की स्थिति तथा भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक सुझावों के संबंध में जांच की जाएगी।
जांच अधिकारी आवश्यकतानुसार संबंधितों के बयान दर्ज कर तथा अभिलेखों का परीक्षण कर तथ्यात्मक एवं स्पष्ट जांच प्रतिवेदन 03 दिवस के भीतर प्रस्तुत करना सुनिश्चित करेंगे।

publiccg Chhattisgarh NEWS