
पत्थलगांव। विधानसभा क्षेत्र पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने अपने पत्थलगांव कार्यालय में जनदर्शन आयोजित कर क्षेत्रवासियों से आत्मीय भेंट कर उनकी समस्याओं, मांगों एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। जनदर्शन मुलाकात के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने सड़क, बिजली,पेयजल, राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न जनहित से जुड़े विषयों से विधायक को अवगत कराया।

विधायक गोमती साय ने प्रत्येक समस्या का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित, प्रभावी एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की सेवा, सुविधा एवं समग्र विकास के लिए वे सदैव समर्पित और प्रतिबद्ध हैं। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान हो, यही उनकी प्राथमिकता है।
जनदर्शन के दौरान क्षेत्र के अनेक नागरिक उपस्थित रहे और अपनी समस्याओं के समाधान हेतु विधायक द्वारा किए जा रहे त्वरित प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया।

publiccg Chhattisgarh NEWS