
पत्थलगांव। पत्थलगांव विकासखंड में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को समय पर पेंशन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में खंड शिक्षा अधिकारी वेदानंद आर्य द्वारा सराहनीय पहल की जा रही है। संयुक्त संचालक शिक्षा संजय गुप्ता एवं जिला शिक्षा अधिकारी नरेन्द्र सिन्हा के निर्देश पर सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को सेवानिवृत्ति से पूर्व ही पी.पी.ओ. (पेंशन अदायगी आदेश) उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में 30 अप्रैल 2026 को सेवानिवृत्त हुए पत्थलगांव विकासखंड माध्यमिक विद्यालय के दो प्रधान पाठकों, शासकीय माध्यमिक विद्यालय पालीडीह के श्री जानकी प्रसाद कंवर तथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय तिलडेगा के प्रताप कुमार गुप्ता को उनकी सेवानिवृत्ति तिथि के दिन ही पेंशन अदायगी आदेश (पीपीओ) एवं आवश्यक दस्तावेज सौंपे गए। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी वेदानंद आर्य ने उन्हें मिठाई खिलाकर सुखमय एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान कार्यालय स्टॉफ की उपस्थिति में दोनों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके लंबे शैक्षणिक सेवाकाल और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
संयुक्त संचालक शिक्षा संजय गुप्ता एवं जिला शिक्षा अधिकारी नरेन्द्र सिन्हा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सेवानिवृत्ति के दिन ही पीपीओ एवं आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए जाने की इस व्यवस्था से शिक्षा विभाग के कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है। कर्मचारियों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को पेंशन से जुड़ी प्रक्रियाओं में अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। सभी कार्यालय इन स्टाफ ने दोनों प्रधान पाठकों को उनके सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दी l

publiccg Chhattisgarh NEWS