
प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को किया शैक्षणिक सामग्री का वितरण
सुसडेगा के प्राथमिक स्कूल परिसर में हुआ गरिमामय आयोजन, 31 वरिष्ठ नागरिकों को शॉल-श्रीफल भेंट कर किया सम्मानित, विद्यालय में छात्र – छात्राओं एवं अतिथियों व स्थानीय लोगो के साथ न्यौता भोज का हुवा आयोजन

पत्थलगांव–/ दैनिक जशपुरांचल समाचार पत्र के 27वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जशपुरांचल परिवार द्वारा प्राथमिक विद्यालय सुसडेगा (सुरेशपुर), विकासखंड पत्थलगांव के परिसर में विशेष एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ न्योता भोज का आयोजन किया गया। वहीं जशपुरांचल परिवार द्वारा विद्यालय के विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित करने के साथ – साथ ग्राम के 31 वरिष्ठ नागरिकों, बुजुर्ग महिलाओं एवं पुरुषों का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के सलाहकार आर कृष्णा दास, विशिष्ट अतिथि मुख्यमंत्री के निज सहायक तुलसी कौशिक, जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सदस्य सुनील अग्रवाल,सतीश गर्ग, जिला जनसंपर्क अधिकारी श्रीमती नूतन सिदार, ग्राम पंचायत सुसडेगा के सरपंच प्रेम साय एवं ग्राम पंचायत सुरेशपुर के सरपंच देवसिंह सहित जशपुर क्षेत्र के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए पत्रकार, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

गाजे-बाजे के साथ अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के आगमन पर गाजे-बाजे के साथ मंच पर आगमन एवं स्वागत से हुई। इसके पश्चात मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं वरिष्ठ नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
27 वर्षों का सफर प्रशंसनीय :- कृष्णा दास
स्थापना दिवस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृष्णा दास ने दैनिक जशपुरांचल के 27वें स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि जशपुर जैसे वनांचल क्षेत्र में लगातार 27 वर्षों तक समाचार पत्र का नियमित प्रकाशन करना अपने आप में प्रशंसनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र ने लंबे समय से क्षेत्र की आवाज को प्रमुखता से उठाने और लोगों को जागरूक करने का कार्य किया है। उन्होंने त्रिपाठी परिवार के प्रयासों की सराहना की और 27 वर्ष पूर्ण करने की शुभकामनाएं दी।
विशिष्ट अतिथि तुलसी कौशिक ने स्व. रामकरण गुप्ता की स्मृतियों को किया याद
जशपुरांचल समाचार पत्र के स्थापना दिवस कार्यक्रम अवसर पर पत्थलगांव क्षेत्र से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए विशिष्ट अतिथि तुलसी कौशिक ने कहा कि वे काफी समय से इस क्षेत्र में आते रहे हैं। उन्होंने स्वर्गीय रामकरण गुप्ता को स्मरण करते हुए उनके साथ बिताए पुराने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि स्व. रामकरण गुप्ता विधानसभा क्षेत्र के हर व्यक्ति और परिवार से परिचित थे तथा अद्भुत व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने भजनलाल जी को भी स्मरण किया। साथ ही पत्रकारिता के क्षेत्र में विजय त्रिपाठी के संघर्ष और योगदान की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया।
ग्रामीण क्षेत्र में स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित करने पर संपादक विजय त्रिपाठी के विचारों की प्रशंसा की एस एस पी ने
जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने दैनिक जशपुरांचल के 27वें स्थापना दिवस का आयोजन वनांचल क्षेत्र के ग्राम में किए जाने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का कार्य करते हैं,उन्होंने जशपुरांचल के संपादक विजय त्रिपाठी जी की सोच व विचारों की सराहना करते हुवे कहा की श्री त्रिपाठी अपने जन्मभूमि क्षेत्र के लोगो के साथ शहरी परिवेश में होने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्रो से जुड़े हुए हैं और कार्यक्रम के माध्यम से अपने जन्मभूमि ग्राम क्षेत्र के वृद्धजनों से आशीर्वाद प्राप्त करते हुवे बच्चों को उपहार भेंट करना उनके ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ाव होना प्रशंशनीय कार्य है।
एसएसपी डॉ लाल उम्मेद सिंह ने साइबर अपराध से बचाव और सड़क सुरक्षा पर दिया संदेश
एसएसपी श्री सिंह ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराध से बचने के लिए मोबाइल के उपयोग में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सुनील अग्रवाल ने जशपुरांचल समाचार पत्र निष्पक्ष समाचार प्रकाशन और संपादक विजय त्रिपाठी के संघर्षों की सराहना करते हुए 27वे स्थापना दिवस की बधाई दी।
जशपुरांचल के पत्रकारों को पत्रकारिता सम्मान से किया गया सम्मानित
स्थापना दिवस कार्यक्रम अवसर पर जशपुरांचल समाचार पत्र के लिये उल्लेखनीय समाचार संकलन करने वाले पत्रकारों को पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित किया गया।
शिक्षा और सम्मान के साथ सामाजिक सरोकार का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया तथा उनके साथ न्योता भोज आयोजित किया गया। वहीं 31 वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कर नई पीढ़ी को बुजुर्गों के प्रति सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने शिक्षा, सेवा, सम्मान और सामाजिक सरोकार को एक साथ जोड़ने का कार्य किया।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन वरिष्ठ पत्रकार हरगोविंद अग्रवाल द्वारा किया गया। स्थापना दिवस कार्यक्रम के अवसर पर विशेष रूप से शेखर त्रिपाठी सहित उनका पूरा त्रिपाठी परिवार के सभी सदस्यों के साथ साथ सतीश गर्ग, राजेन्द्र अग्रवाल, सतीश अग्रवाल पूर्व पार्षद, मुकेश शर्मा, ओम अग्रवाल, नंदकिशोर अग्रवाल, दामोदर डनसेना, धरनीधर सिदार, भगत बंजारा, राम प्रजापति, सुरेन्द्र गुप्ता, रामपुकार गुप्ता, राजेन्द्र डनसेना, राजेन्द्र गुप्ता, ओंकार डनसेना, विजय गुप्ता, उज्ज्वल कुमार, बृजमोहन यादव, नारायण यादव, कृष्णा गुप्ता, सुखना प्रजापति, सहित जिले के पत्थलगांव से लेकर जशपुर तक के दर्जनों पत्रकारो सहित ग्राम क्षेत्र के काफी संख्या में महिला पुरुष एवं वरिष्ठ नागरिक गण, पंचायत प्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संपादक विजय त्रिपाठी, शेखर त्रिपाठी एवं सौरभ त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं उपस्थित ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सामाजिक एकजुटता, बुजुर्गों के सम्मान एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता के संदेश के साथ हुआ।
publiccg Chhattisgarh NEWS