
पत्थलगांव। कांग्रेस ने नीट परीक्षा में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती अनियमितताओं को लेकर पत्थलगांव स्थित विश्राम गृह में प्रेसवार्ता आयोजित की। प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री श्रीमती आरती सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा का आयोजन करने वाली एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों परीक्षार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं कई बार निरस्त हो चुकी हैं तथा परीक्षा प्रक्रिया में लगातार गड़बड़ियां सामने आने से विद्यार्थियों में निराशा और हताशा बढ़ रही है। जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल ने कहा कि यह मामला केवल एक परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि लाखों विद्यार्थियों के भविष्य, उनके सपनों और देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने वर्षों की मेहनत, समय और आर्थिक संसाधन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लगाए हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके विश्वास को कमजोर कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे कथित खिलवाड़ पर ठोस कार्रवाई कब होगी। प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि देश में बड़े उद्योगपतियों के हितों के लिए प्राकृतिक संसाधनों और हरित क्षेत्रों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में देरी, विवाद और पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के साथ अन्याय हैं। उनका कहना था कि केवल परीक्षा रद्द करना समाधान नहीं है, बल्कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाना चाहिए। जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार से मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। साथ ही पूरे प्रकरण में शामिल दोषियों, अधिकारियों एवं कथित पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की गोपनीयता सुनिश्चित करने, परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी तंत्र विकसित करने की भी मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं की मेहनत, प्रतिभा और सपनों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा जिला कांग्रेस कमेटी छात्रों के हितों की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ी है। प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस सचिव मनोज तिवारी, हरगोविंद अग्रवाल, डिस्को सारथी, अंकित गोलू शर्मा एवं मयंक रोहिला सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

publiccg Chhattisgarh NEWS