
बालोद में संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में आज जल प्रबंधन और सिंचाई प्रणाली को दर्शाने वाली तांदुला कॉम्प्लेक्स मॉडल प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना कर इस ज्ञानवर्धक मॉडल को अवलोकनार्थ समर्पित किया।

इस मॉडल के माध्यम से कोई भी व्यक्ति जिले की वृहद सिंचाई परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और जल वितरण प्रणाली को आसानी से समझ सकता है। इस आकर्षक मॉडल में तांदुला जलाशय के साथ-साथ गोंदली और खरखरा जलाशय की भौगोलिक स्थिति को बेहद बारीकी से दर्शाया गया है। गंगरेल बांध से नहरों के माध्यम से आने वाले पानी के प्रवाह और सिंचाई नहरों के नेटवर्क को स्पष्ट रूप से दिखाया गया है।
भिलाई स्टील प्लांट को की जाने वाली जल आपूर्ति के साथ ही दुर्ग और बेमेतरा जिलों में सिंचाई एवं तालाबों को भरने की पूरी प्रक्रिया को बखूबी प्रदर्शित किया गया है। आमजनों की जानकारी बढ़ाने के लिए मॉडल में इन सभी जलाशयों के निर्माण वर्ष और उनकी जल भराव क्षमता का भी स्पष्ट उल्लेख किया गया है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, और जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री पीयूष देवांगन सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
publiccg Chhattisgarh NEWS