
पत्थलगांव विकासखंड में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को समय पर पेंशन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री वेदानंद आर्य एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी नित्यानंद साय द्वारा सराहनीय पहल की जा रही है। कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास, संयुक्त संचालक शिक्षा संजय गुप्ता एवं जिला शिक्षा अधिकारी नरेन्द्र सिन्हा के निर्देश पर सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को सेवानिवृत्ति से पूर्व ही पी.पी.ओ. (पेंशन अदायगी आदेश) उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले पत्थलगांव विकासखंड के आनंद कुमार चौहान, प्रधान पाठक, शासकीय प्राथमिक शाला छोटकीपारा तिलडेगा एवं विजय कुमार तिग्गा, प्रधान पाठक शासकीय प्राथमिक शाला हिरवापारा को उनकी सेवानिवृत्ति तिथि के दिन ही पेंशन अदायगी आदेश (पीपीओ) एवं आवश्यक दस्तावेज सौंपे गए। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी वेदानंद आर्य एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी नित्यानंद साय ने उन्हें मिठाई खिलाकर सुखमय एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान कार्यालय स्टॉफ की उपस्थिति में आनंद कुमार चौहान, प्रधान पाठक, शासकीय प्राथमिक शाला छोटकीपारा तिलडेगा एवं श्री विजय कुमार तिग्गा, प्रधान पाठक शासकीय प्राथमिक शाला हिरवापारा को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके लंबे शैक्षणिक सेवाकाल और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास,
संयुक्त संचालक शिक्षा संजय गुप्ता एवं जिला शिक्षा अधिकारी नरेन्द्र सिन्हा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सेवानिवृत्ति के दिन ही पीपीओ एवं आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए जाने की इस व्यवस्था से शिक्षा विभाग के कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है। कर्मचारियों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को पेंशन से जुड़ी प्रक्रियाओं में अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

publiccg Chhattisgarh NEWS