रनपुर, तिलंगा, बदरचूआं और जामटोली सहित कई गांवों में लगाए गए शिविर
विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों को योजनाओं की दी गई जानकारी, मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान
रायपुर,
भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जशपुर जिले में “जनजातीय गरिमा उत्सव 2026” के अंतर्गत “जन भागीदारी सबसे दूर सबसे पहले” अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के ग्राम पंचायत रनपुर, तिलंगा, बदरचूआं, जामटोली सहित अन्य दूरस्थ गांवों में विशेष शिविर लगाए गए।
शिविरों में विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय एवं ग्रामीणों को केंद्र और राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित निराकरण भी किया गया।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही आधार अपडेट, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र के ऑनलाइन आवेदन, आयुष्मान कार्ड निर्माण सहित विभिन्न सेवाएं शिविर स्थल पर ही उपलब्ध कराई गईं।
प्रशासन द्वारा बताया गया कि अभियान का उद्देश्य दूरस्थ और विशेष पिछड़ी जनजाति क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।
publiccg Chhattisgarh NEWS