*सेवा सहकारी समितियों की संख्या 39 से बढ़कर 65 हुई, 21 नए उपार्जन केंद्रों से किसानों को मिलेगी सुविधा*
*73 हजार 147 किसान पंजीकृत, ‘किसान-तुंहर टोकन’ ऐप से टोकन वितरण शुरू*
खैरागढ़,
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले की 65 सेवा सहकारी समितियों के अंतर्गत संचालित 72 उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ होगी, जो आगामी 15 जनवरी तक चलेगी। किसानों को धान विक्रय की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इस वर्ष समितियों और उपार्जन केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है। पूर्व वर्ष सेवा सहकारी समितियों की संख्या 39 थी, जो अब बढ़कर 65 हो गई है। वहीं, 21 नए उपार्जन केंद्र खुलने से खरीदी केंद्रों की संख्या 51 से बढ़कर 72 हो गई है।
जिले में धान विक्रय के लिए कुल 73 हजार 147 किसान पंजीकृत हैं, जिनका पंजीकृत रकबा 82 हजार 562.78 हेक्टेयर है। किसानों की संख्या और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए खरीदी व्यवस्था का विस्तार किया गया है। सेवा सहकारी समितियों की संख्या में 26 की वृद्धि होने तथा नए उपार्जन केंद्र खुलने से किसानों को स्थानीय स्तर पर धान विक्रय और उससे संबंधित प्रक्रियाएं पूरी करने में सहूलियत मिलेगी।
नए उपार्जन केंद्रों का लाभ विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को मिलेगा। अब उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी, जिससे समय और परिवहन खर्च की बचत होगी। साथ ही पुराने खरीदी केंद्रों पर दबाव कम होने से भीड़ और लंबी कतारों में कमी आएगी। केंद्रों की संख्या बढ़ने से धान की आवक और तौल कार्य को व्यवस्थित रूप से संचालित करने में भी मदद मिलेगी।
धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए ‘किसान-तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन वितरण शुरू कर दिया गया है। कुल टोकनों में से 70 प्रतिशत मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन तथा शेष 30 प्रतिशत उपार्जन केंद्रों एवं समितियों के माध्यम से जारी किए जाएंगे। इस व्यवस्था से किसान घर बैठे टोकन प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, ऑनलाइन सुविधा का उपयोग नहीं कर पाने वाले किसानों के लिए संबंधित उपार्जन केंद्र और समिति से टोकन प्राप्त करने का विकल्प उपलब्ध रहेगा।
रकबे के आधार पर सीमांत किसानों को अधिकतम एक, लघु किसानों को दो तथा दीर्घ किसानों को अधिकतम तीन टोकन जारी किए जाने का प्रावधान है। ऑनलाइन टोकन पंजीयन की सुविधा रविवार से शुक्रवार तक चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी। हालांकि शनिवार, रविवार एवं अन्य शासकीय अवकाश के दिनों में धान की तौल नहीं होगी। टोकन जारी होने वाले दिन की तौल तिथि का चयन नहीं किया जा सकेगा। किसानों को उपलब्ध तिथियों के अनुसार धान विक्रय की योजना बनानी होगी।
टोकन केवल उन्हीं किसानों के जारी किए जाएंगे, जिनके बैंक एवं ऋण खातों का सत्यापन पूरा हो चुका है। टोकन में प्रति बोरा 0.40 क्विंटल अर्थात 40 किलोग्राम के निर्धारित अनुपात में मात्रा दर्ज करना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन ने सभी पंजीकृत किसानों से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए समय पर टोकन प्राप्त करने तथा तय तिथि पर संबंधित उपार्जन केंद्र में धान विक्रय के लिए पहुंचने की अपील की है।
publiccg Chhattisgarh NEWS