जशपुर। जिले के तुमला थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में 37 वर्षीय मूक-बधिर महिला के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के भाई की तत्परता और लिखित शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने त्वरित कदम उठाया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे पीड़िता का भाई शौच के लिए गांव के पास खुले मैदान की ओर गया हुआ था। इसी दौरान उसे अचानक जोर से चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। जब वह दौड़कर मौके पर पहुंचा, तो देखा कि गांव का ही युवक चंद्रहास कुमार उसकी मूक-बधिर बहन के साथ जबरन अनाचार कर रहा था। भाई को देखते ही आरोपी घबराकर मौके से भाग निकला, हालांकि हड़बड़ाहट में उसके कपड़े, पर्स और मोबाइल घटनास्थल पर ही छूट गए।
घटना के बाद पीड़िता के भाई ने तुमला थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर तत्परता दिखाते हुए आरोपी चंद्रहास कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) एवं 64(2)(i) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
घेराबंदी कर पुलिस ने संदेही चंद्रहास को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
अधिकारी का बयान: “पीड़िता के भाई की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।” — ध्रुवेश जायसवाल, एसडीओपी, पत्थलगांव
publiccg Chhattisgarh NEWS
