
पत्थलगांव/ पत्थलगांव एसडीओपी डॉ. ध्रुवेश जायसवाल ने आज अपने कार्यालय में बस स्टैंड के बस एजेंटों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में पत्थलगांव थाना प्रभारी जितेन्द्र ताम्रकार भी मौजूद रहे।
अव्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
बैठक में बस स्टैंड की बिगड़ती व्यवस्था, बसों की मनमानी पार्किंग, दुकानदारों के अतिक्रमण और निजी वाहनों की अव्यवस्थित खड़ी गाड़ियों के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। एजेंटों ने भी अपनी समस्याएं एसडीओपी के समक्ष रखीं।
कड़े निर्देश जारी
एसडीओपी डॉ. ध्रुवेश जायसवाल ने एजेंटों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बसों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा किया जाए और बस स्टैंड परिसर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैलने दी जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि है, और व्यवस्था सुधारने के लिए सभी एजेंटों को पुलिस प्रशासन का सहयोग करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
सॉल्यूशन और इरेज़र विक्रेताओं पर होगी कार्रवाई
एसडीओपी डॉ. ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि नशे के रूप में इस्तेमाल होने वाले सॉल्यूशन (करेक्शन फ्लूड) तथा इरेज़र की अवैध बिक्री करने वाले विक्रेताओं पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए ऐसे उत्पादों की बिक्री पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

publiccg Chhattisgarh NEWS