
कांसाबेल। छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ (पंजीयन क्रमांक-409) के प्रतिनिधिमंडल ने पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय से मुलाकात कर आंगनबाड़ी सहायिकाओं की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। संघ ने विधायक से आग्रह किया कि उनकी मांगों को राज्य सरकार तक पहुंचाकर शीघ्र निराकरण कराया जाए।
संघ की ओर से बताया गया कि प्रदेशभर की हजारों आंगनबाड़ी सहायिकाएं वर्षों से सेवा दे रही हैं, लेकिन उन्हें पदोन्नति और सेवा संबंधी सुविधाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रिक्त पदों पर सहायिकाओं को शत-प्रतिशत पदोन्नति का अवसर दिया जाए तथा पदोन्नति के लिए निर्धारित आयु सीमा को समाप्त किया जाए, ताकि लंबे समय से सेवाएं दे रही सहायिकाओं को न्याय मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सहायिकाएं शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल संचालन कर रही हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का निर्वहन कर रही हैं। इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित सम्मान और अवसर नहीं मिल रहे हैं।
विधायक श्रीमती गोमती साय ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि आंगनबाड़ी सहायिकाओं की जायज मांगों को शासन स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर संघ की ओर से रूपा सोनी, कलावती परहा, पार्वती यादव, सविता, बिमला बाई, आशा, लालमति, मीनाक्षी, हेमबिनोला, निमा, गुलशन पैकरा, सुमित्रा यादव एवं बैजंती भगत सहित अन्य आंगनबाड़ी सहायिकाएं उपस्थित रहीं और उन्होंने एक स्वर में अपनी मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।

publiccg Chhattisgarh NEWS