
धरमजयगढ़। ग्राम पंचायत धौराभांठा, पोस्ट बाकारुमा, तहसील धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ के महाकुल मोहल्ले के करीब 12 परिवार और लगभग 50 नागरिक वर्षों से मूलभूत आवागमन की समस्या से जूझ रहे हैं। मोहल्ले को मुख्य बस्ती धौराभांठा से जोड़ने के लिए आज तक सड़क की समुचित व्यवस्था नहीं हो पाई है। वहीं, बीच में पड़ने वाले नाले पर पुलिया नहीं होने के कारण ग्रामीणों की परेशानी और भी बढ़ जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के 3-4 महीनों में पूरा रास्ता कीचड़ और पानी से भर जाता है, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ती है। आपात स्थिति में मरीजों को उपचार के लिए ले जाना भी चुनौती बन जाता है। इसके अलावा राशन, पानी और अन्य आवश्यक सामान लाने-ले जाने में भी ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क और नाले पर पुलिया निर्माण की मांग के बावजूद पंचायत स्तर पर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। ऐसे में ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच और पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि महाकुल मोहल्ले को मुख्य बस्ती से जोड़ने के लिए जल्द से जल्द सड़क निर्माण और नाले पर पुलिया का निर्माण कराया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि विकास के दावों के बीच यदि 50 लोगों की आबादी वाला मोहल्ला आज भी सड़क और पुलिया जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित है, तो यह पंचायत की प्राथमिकताओं और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि पंचायत प्रशासन और संबंधित विभाग इस समस्या का समाधान कब तक करता है।

publiccg Chhattisgarh NEWS