
पत्थलगांव।भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण मंडल पत्थलगांव के युवा कार्यकर्ता करेश तिग्गा के भारतीय जनता युवा मोर्चा से ग्रामीण मंडल अध्यक्ष बनने पर भाजपा ग्रामीण मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम किलकिला मंदिर प्रांगण में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात सभी कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में मुनि बाबा कपिलेश्वर का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर खुशी जाहिर की और नव नियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भाजपा ग्रामीण मंडल के वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रदीप गुप्ता, वीरेंद्र सिंह, चमर साय, मंडल अध्यक्ष हेमंत बंजारा, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती फिलिशफिना एक्का, सरपंच प्रयाग सिदार, मंडल उपाध्यक्ष देवप्रकाश साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मंडल अध्यक्ष हेमंत बंजारा ने अपने संबोधन में कहा कि करेश तिग्गा एक सक्रिय और मेहनती युवा कार्यकर्ता हैं। उन्होंने संगठन में लंबे समय से समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य किया है, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा संगठन को और अधिक मजबूत करेगा।
वहीं वरिष्ठ नेता प्रदीप गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करती है। करेश तिग्गा के नेतृत्व में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित चमर साय ने कहा कि करेश तिग्गा को मिली जिम्मेदारी पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि संगठन के सभी कार्यकर्ता मिलकर पार्टी को और मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।
अंत में करेश तिग्गा ने सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे तथा युवाओं को संगठन से जोड़कर पार्टी को और सशक्त बनाने का प्रयास करेंगे।

publiccg Chhattisgarh NEWS