पत्थलगांव। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज, ईसाई आदिवासी महासभा और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पत्थलगांव शहर में प्रस्तावित जूदेव चौक का विरोध दर्ज किया है इसके साथ ही अन्य चौकों के नामकरण को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। इस ज्ञापन में प्रस्तावित जूदेव चौक को बीटीआई से अन्यत्र स्थानांतरित कर थाना के सामने दिलीप सिंह जूदेव चौक बनाने और अन्य चौकों के नामकरण की मांग की गई है।
वार्ड 1 के पार्षद जनार्दन पंकज, समीर कुजूर तथा ईसाई आदिवासी महासभा के अध्यक्ष, प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के जिलाध्यक्ष ने मिलकर यह ज्ञापन सौंपा। इसमें प्रस्तावित बीटीआई चौक को डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक, कदम घाट चौक को बिरसा मुंडा चौक और तिलडेगा चौक को संत जेवियर चौक बनाए जाने की बात कही गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बीटीआई चौक, जहां अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग की बहुलता है, उसे जूदेव चौक बनाना उचित नहीं होगा। इसके बजाय दिलीप सिंह जूदेव चौक को जशपुर रोड थाना के सामने शहर के हृदय स्थल पर स्थापित किया जाना चाहिए।
बताया गया कि 23 जनवरी 2025 को भी इस संबंध में जिला कलेक्टर समेत संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया था। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन जूदेव चौक के निर्माण को लेकर क्या निर्णय लेता है।

publiccg Chhattisgarh NEWS